दुनिया के 100 से ज्यादा देशों में कोरोनावायरस फैल चुका है। इस खतरनाक वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1 लाख 10 हजार के करीब पहुंच चुकी है। 3800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। चीन, ईरान के बाद यूरोपीय देशों में इसका प्रकोप ज्यादा हो रहा है। इटली में खासतौर से हालात दिन ब दिन बदतर होते जा रहे हैं। इटली के अधिकतर क्षेत्रों को बंद कर दिया गया है और इस वजह से 1.6 करोड़ लोग प्रभावित हो रहे हैं। जानिए भारत के अलावा अन्य देशों का हाल...।
इटली की जेल में हिंसा
इटली की मोडेना जेल में रविवार को कैदियों ने बाहर निकलने के लिए हिंसा करना शुरू कर दी।
करीब 60 कैदियों ने जेल को आग के हवाले कर दिया। हिंसा में अब तक छह कैदियों की मौत हो चुकी है।
पुलिस को करीब 500 कैदियों को भागने से रोकने के लिए काफी प्रयास करने पड़े।
इटली में एक ही दिन में 133 लोगों की मौत हो चुकी है और आधे से ज्यादा देश को घरों में रहने के आदेश दिए गए हैं।
कतर ने भारत समेत 13 देशों पर लगाया प्रतिबंध
कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच कतर ने भारत और 13 अन्य देशों से आने वाले लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है।
इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट रद्द
- लॉस एंजिलिस में इंडियन वेल्स एटीपी और डब्ल्यूटीए टेनिस टूर्नामेंट रद्द कर दिया गया है।
- स्वास्थ्य कारणों से रद्द होने वाला यह अमेरिका का पहला बड़ा खेल आयोजन है।
चीन में 22 लोगों की मौत
- कोरोनावायरस से चीन में 22 और लोगों की मौत हो गई है। हालांकि मामले घटने के बाद कई अस्थायी अस्पताल बंद कर दिए गए हैं।
पुर्तगाल के राष्ट्रपति ने सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द किए
- पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रोबेलो डिसूजा ने अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
- उन्होंने खुद को सबसे अलग करते हुए आइसोलेशन कक्ष में रहने का फैसला लिया है।
पाक में एक और मामला
- पाकिस्तान में कोरोनावायरस का एक और मामला सामने आया है।
ईरान ने 70 हजार कैदियों को रिहा किया
- ईरान पर भी कोरोनवायरस कहर बनकर टूट रहा है। बीते 24 घंटे में यहां 43 लोगों की मौत हो गई।
- इस देश में मरने वालों की संख्या 237 तक पहुंच गई है।
- सोमवार तक ईरान में 7,161 कुल संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं।
- ईरान ने कोरोनवायरस के डर से 70 हजार कैदियों को रिहा कर दिया है।
- ईरान की संकट प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख इस्माइल नज्जर भी कोरोनवायरस से ग्रसित हो गया है।
बिना दर्शकों के ओलंपिक मशाल प्रज्वलन कार्यक्रम
- टोक्यो ओलंपिक का आधिकारिक ओलंपिक मशाल प्रज्वलन कार्यक्रम बिना दर्शकों के होगा।
- यह कार्यक्रम प्राचीन ओलंपिया, ग्रीस में 12 मार्च को होना है।
दक्षिण कोरिया में 96 नए मामले
- दक्षिण कोरिया में 96 नए मामले सामने आने के बाद कुल संख्या 7478 तक पहुंच गई है।
- चीन के बाहर सबसे ज्यादा मामले दक्षिण कोरिया में ही सामने आए हैं।
सऊदी अरब में हुक्के पर प्रतिबंध
- सऊदी अरब में कैफे, रेस्त्रां में शीशे पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
- यहां अब तक 11 लोगों में कोरोनवायरस की पुष्टि हो चुकी है।
जर्मनी में विश्वविद्यालय बंद
- जर्मनी के राहिनलैंड-पैलाटाइन स्टेट में विश्वविद्यालय को बंद कर दिया गया है। यूनिवर्सिटी बंद होने का यह पहला मामला है।
- जर्मनी में सोमवार को कोरोनावायरस के 256 नए मामले सामने आए हैं। यहां कुल संख्या 1112 तक पहुंच गई है।
बांग्लादेश में कोरोनावायरस के तीन मामले
- बांग्लादेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने देश में संक्रमण के तीन मामलों की पुष्टि की है।
ऑस्ट्रेलिया में छह नए मरीज
- ऑस्ट्रेलिया में छए नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही यहां कुल मरीजों की संख्या 80 तक पहुंच गई है।
अमेरिका में 22 कुल लोगों की मौत
- अमेरिका के वॉशिंगटन में एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। इसके साथ ही कुल संख्या 22 तक पहुंच गई है।
- अमेरिका में अब तक 565 लोग कोरोनावायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
ब्रिटेन में कोरोनावायरस से तीसरी मौत
- ब्रिटेन में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत कोरोनावायरस से हो गई है।
- इस वायरस की वजह से यह तीसरी मौत है।