"जबलपुरी मटर" की ब्रांडिंग के लिए कृषि उपज मंडी में बैठक संपन्न - GRAMEEN SANDESH

BREAKING

"जबलपुरी मटर" की ब्रांडिंग के लिए कृषि उपज मंडी में बैठक संपन्न

 



जबलपुर-

एक जिला एक उत्पाद के तहत जबलपुर जिले के लिए  चयनित जबलपुर की पहचान जबलपुरी मटर की ब्रांडिंग हेतु आज जबलपुर कृषि उपज मंडी में उपसंचालक उद्यानिकी श्रीमती डॉ नेहा पटेल की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह तय किया गया कि मटर के बैग में जबलपुरी मटर के मोनो का टेग लगाना अनिवार्य किया जाएगा। बैग के सभी सप्लायर्स को इसके लिए अनिवार्य किये जाने के दिशा निर्देश जारी किए जायें। उद्यानिकी विभाग द्वारा मटर की बेस्ट क्वालिटी बनाने के लिए शॉर्टिंग व ग्रेडिंग मशीन लगाने सहायता दी जाएगी। मंडी व अन्य जगहों पर होर्डिंग, बेनर, पोस्टर लगाये जायेंगें, वाहनों पर स्टीकर आदि लगाये जाने के लिए मंडी का सहयोग लिया जाएगा। बैठक में  मंडी के विकास व विस्तार पर  स्थाई कार्ययोजना बनाने पर भी चर्चा की गई।

डॉ नेहा पटेल द्वारा जानकारी दी गई कि किसान संगठनो के प्रतिनिधियो, मटर उत्पादक कृषक भाइयो व इस व्यवसाय से जुड़े हितग्राहियों की एक बैठक भोपाल रोड स्थित बेलखेड़ा (शहपुरा) में 17 अगस्त 2022 को 2 बजे,  बेलखेड़ा पंचायत भवन में  आयोजित की जाएगी।  जिसमें मटर की ब्रांडिंग, मटर उत्पादन की बेहतर तकनीक, बीजों की उपलब्धता  तथा उद्यानिकी की योजनाओं से संबंधित सभी विषयो पर चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर कृषको की कृषि उपज मंडी से संबंधित समस्यायों पर भी चर्चा हुई। मंडी सचिव ने माह में एक बार कृषक प्रतिनिधियो के साथ बैठक रखने के प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार किया। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि एक अतिरिक्त शेड बनाने का प्रस्ताव मंडी बोर्ड को भेजा गया है, मंडी में पेय जल की और बेहतर व्यवस्था  शीघ्र की जाएगी। विश्राम गृह को बेहतर बनाया जाएगा। किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर भाव मिल पाए, इसके लिए उनके द्वारा नियंत्रण व निगरानी रखी जायेगी।

उन्होंने किसानों से आव्हान किया कि वे उनकी किसी भी समस्या के लिए जानकारी देने कभी भी उनसे संपर्क कर सकते हैं। बैठक में भारत कृषक समाज व किसान सेवा सेना संगठन के श्री के के अग्रवाल, डॉ ब्रजेश अरजरिया, डॉ आर एम पटेल, थोक सब्जी व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता, मटर व्यापारी संघ के श्री अजीत साहू, श्री अंकित साहू, उद्यानिकी विभाग की अधिकारी श्रीमती श्वेता शर्मा, श्रीमती नीता गुजराल, श्रीमती अमृता सिंह, आदि ने भाग लिया।

Pages